Anil Vishvas

उन दिनों भारत गुलामी की ज़ंजीरों में जकड़ा हुआ था। अंग्रेज हुक्मरान भारत पर हर मुमकिन ज़ुल्म-ओ-सितम कर रहे थे। देश में आज़ादी की अलख हर तरफ जल रही थी। अनिल बिस्वास उन दिनों मुंबई में थे। हालांकि वो जब बंगाल में थे तब कई दफा उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन करने के चलते जेल की हवा खाई थी। मगर अब वो फिल्मी दुनिया का हिस्सा बन चुके थे। नामी संगीतकार हो चुके थे। कवि प्रदीप से उनकी बहुत अच्छी दोस्ती थी। 
साल 1943 में एक फिल्म आई थी जिसका नाम था किस्मत। उस फिल्म में दादामुनि अशोक कुमार हीरो थे। अनिल बिस्वास उस फिल्म के संगीतकार थे और कवि प्रदीप ने सभी गीत लिखे थे। यूं तो उस फिल्म में आठ गीत थे। लेकिन एक गीत तब बहुत लोकप्रिय और अंग्रेजों के लिए सरदर्द वाला गीत बन गया था। उस गीत के बोल थे 'आज हिमालय की चोटी से फिर हमने ललकारा है। दूर हटो ऐ दुनिया वालों हिंदुस्तान हमारा है।' 

ये गीत अरुण मुखर्जी और अमीरबाई कर्नाटकी ने गाया था। ये गीत जब रिकॉर्ड हो रहा था तब कवि प्रदीप भी रिकॉर्डिंग में स्टूडियो में मौजूद थे। रिकॉर्डिंग के वक्त कवि प्रदीप और अनिल बिस्वास जी, दोनों को ही कोरस देने वालों की आवाज़ में दम नहीं लग रहा था। वो जिस तरह का जोश कोरस में चाहते थे वैसा जोश कोरस गाने वाले गायकों की आवाज़ में फील ही नहीं हो पा रहा था। कई दफा रीटेक लिए गए। लेकिन कोई ढंग का नतीजा अनिल बिस्वास जी को नहीं मिला।

आखिरकार अनिल बिस्वास जी ने कोरस गाने वालों को हटाया और कवि प्रदीप व अरुण मुखर्जी को साथ लेकर उस गीत का कोरस रिकॉर्ड किया। और जिस जोश के साथ इन तीनों ने कोरस गाया वो देखने बड़ा ज़बरदस्त है। आप यूट्यूब पर ये गीत सुन सकते हैं। इन तीनों को गाते देखकर बाकि कोरस गायकों की भी हौंसलाअफज़ाई हुई। और उन्होंने भी फिर इन्हीं के अंदाज़ में वो कोरस गाया। ये गाना जब रिलीज़ हुआ था तब इसने धूम मचा दी थी। 

आज़ादी के आंदोलन का मुख्य गान ये गाना बन गया था। और अंग्रेज तो इतने परेशान हो गए कि उन्होंने कवि प्रदीप और अनिल बिस्वास जी को गिरफ्तार करने की तैयारी कर ली थी। दोनों को कुछ दिन तक छिपकर रहना पड़ा था। आज अनिल बिस्वास जी की पुण्यतिथि है। 31 मई 2003 के दिन अनिल बिस्वास जी ये दुनिया छोड़कर अनंत की यात्रा पर निकल पड़े थे। किस्सा टीवी भारतीय संगीत जगत की इस महान हस्ती को नमन करता है। #AnilBiswas

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.