देवरहा वंदन (काव्य संग्रह)
रचयिता- श्री हरि शरण ओझा, जी
यह पुस्तक लोक रंजन प्रकाशन प्रयागराज से प्रकाशित है । यह पुस्तक देवरहवा बाबा के समस्त भक्तों को समर्पित है । समर्पण पृष्ट पढ़ने के बाद अनायास ही इस पुस्तक में अपना ध्यान आकर्षित होने लगता है।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर चितरंजन मिश्रा जी ने इस पुस्तक की भूमिका में लिखा है कि, देवरहा बाबा ने न तो अपने जीवन के बारे में, न तो अपनी साधना के बारे में, न तो अपनी आध्यात्मिक उपलब्धियां के बारे में, न तो भक्तों पर की गई कृपा और उसके सांसारिक परिणामों के बारे में न कहीं किसी से कुछ बताया है ना ही कहा है, इसलिए उनके बारे में कुछ लिखने के लिए बहुत श्रम और प्रतिभा की आवश्यकता है । ओझा जी ने यह सब सम्भव किया है।
शहरनामा गोरखपुर के संपादक डॉ वेद प्रकाश पांडे ने लिखा है, श्री हरि शरण ओझा एक जन्मना कवि है। शिक्षा से मनोवैज्ञानिक और लोग दृष्टि से सद गृहस्थ । मनोवैज्ञानिक मनोविश्लेषक के रूप में राजकीय सेवा में भी रहे हैं। साहित्य के क्षेत्र में वे एक स्वान्तः सुखाय स्वाधीन चेतना के मुक्त रचनाकार कवि है ।
हरि शरण ओझा जी ने "अपनी कलम से" के अंतर्गत लिखा है कि, राजकीय सेवा में आने के बाद तथा एक बार सपरिवार तथा एक बार अकेले जाकर बाबा का दर्शन किया था। मैं अपनी आत्मकथा भाग 1 जीवन पथ में उल्लेख कर चुका हूं कि बाबा में आस्था रखने वाले कई लोग बाबा और साधु संत मेरे घर मेरे पिताजी के आतिथ्य मे पधारते रहते थे । उनमें से एक प्रसिद्ध नागा बाबा मेरे गांव खरकातुका में सन 1962 में श्री विष्णु महायज्ञ करवाया था । उसी वर्ष देवरहवा बाबा ने अपने आश्रम में भी यज्ञ करवाया था। यह मुझे पुस्तक में पढ़ कर पता चला । मैं देवरहा वन्दन नाम से योगिराज की स्तुति में छंद रचने का निश्चय किया, जिसकी परिणति यह काव्य ग्रंथ है।
चौबीस तथ्यों के अनुक्रम में वन्दना के चार छंद कवि ने लिखा है जिसमे एक छंद निम्नलिखित है-
"माता शारदे पुकारूँ , आज दिन पातरे हैं,
काम बड़ा ठान लिया, मान कुछ दीजिये।
संत जो महान योगिराज ब्रह्मलीन पुनि,
ब्रह्म ऋषि का मुझे भी भान कुछ दीजिये।
'ओझा' योग, तप, साधना न कुछ जानता हैं,
संत की बड़ाई हेतु ज्ञान कुछ दीजिये।
ज्ञान, गान, ध्यान, श्वाँस श्वाँस में बसी हो तुम,
छंद लिखने का वरदान कुछ दीजिये ।।"
इस भावपूर्ण वन्दना पढ़ने के बाद हृदय "देवरहा वन्दन" में लीन हो गया। कवि ने अपने परिचय में लिखा है-
"ग्राम खरकातुला है लार, ब्लॉक थाना पुनि,
तहसील सलेमपुर जिला है देवरिया।
हनुमान बाबा मेरे बाबा के भी बाबा रहे,
परबाबा लपन के बाड़े गोड़ धरिया।
पिता श्याम सुन्दर जी बाबा राम के गुलाम,
गाँव में है खेती और बांस खूँट बरिया।
'ओझा' चार भाइयों में दूसरा हरि शरण,
देवी देव की कृपा से कविता के जरिया।।"
ये काव्य संग्रह बहुत ही भाव विभोर कर देने वाला संग्रह है। भक्ति के साथ साथ समर्पण भी है। देवरहा वन्दन के विधाता लय के अंतिम छंद उपदेश के भाव में देखिये-
"नहीं अभिमान में रहना, तु धन संचय के धोखे में।
काम कुछ भी न आएगा, उड़े पंछी के खोखे में।
राम जप और सुमिरन में ही प्राणी की भलाई है।
यही बातें हैं तुलसी की, जो बाबा ने बताई है।।"
हरि गीतिका के लय में इस छन्द को देखें-
"जिन्हें संत दर्शन मिल गया वे तीर्थ का फल पा गये।
जिनको नहीं विश्वास दर्शन पाके भी मुरझा गये।
'ओझा' सभी मानें कि जब भगवन मनुज बन आ गए।
सब कर्म मानव का किये लखि छुद्र जन भरमा गए।।"
इस पुस्तक को जिसने भी श्रद्धा और प्रेम से पढ़ा, सब भूल कर इसी का हो गया। दूसरे शब्दों में , देवरहवा बाबा की पूर्ण अनुभूति उसको हो गयी। रचनाकार को हृदय से बधाई। ईश्वर उन्हें और शक्ति दे, और ऊर्जावान बनावे जिससे ऐसी बहुमूल्य पुस्तकें हमे उनके द्वारा मिलती रहें।
इस पुस्तक की एक रचना से हम अपनी बात समाप्त करते है और देवरहवा बाबा को नमन करते हुए उनके भक्त कवि श्री हरि शरण ओझा जी को हृदय से इस उत्तम रचना के लिए आभार प्रकट करते है।
"बाबा जी के नाम जस भइलें संसार में,
अइलें दिगंबर आके रहलें देवार में।।
सरजू की तीरे आपन आसन लगवलें,
काँट कुश बंजर में जोगवा जमवलें,
देह छोड़ कुछू नाहीं रहे घर बार में।। अइलें...
दिन रात योग साधे केहू के ना दीखें,
प्रकृति की साथे भइलें प्रकृति सरीखे,
कुटिया बनवले रहलें झाड़ झंखार में।। अइलें....
कुटिया में बाबा नित धूनियाँ रमावें,
राम सियाराम खुद जपें आ जपावें,
त्राटक लगावें ध्यान धरें करतार में।। धरम...
योग करें कुटिया में दर्श दें मचान से,
जुड़ते थे भक्त जैसे जुड़े भगवान से,
जीवन सँवार देते घड़ी दुइ चार में।। अइलें...
रहले देवारे त देवरहा कहइलें,
ब्रह्म ऋषि योग साधि योगिराज भइलें,
बाबा महिमा बखानें 'ओझा' बिस्तार में।। अइलें..
बाबा जी के नाम जस भइलें संसार में,
अइलें दिगंबर आके रहलें देवार में।।
🙏🙏🙏
